Jamshedpur:जमशेदपुर पश्चिम के विधायक Saryu Roy के तारांकित प्रश्न के बाद मानगो नगर निगम की लंबित छह योजनाओं को आखिरकार प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई। 3 करोड़ 62 लाख 35 हजार 250 रुपये की इन योजनाओं को 24 फरवरी 2026 को स्वीकृति प्रदान की गई।
विधानसभा में बुधवार को इस मुद्दे को उठाते हुए सरयू राय ने कहा कि अप्रैल 2025 से ये योजनाएं प्रशासनिक स्वीकृति की प्रतीक्षा में लंबित थीं। उन्होंने सवाल खड़ा किया कि जब इन योजनाओं के लिए राज्य सरकार के खजाने से एक भी रुपया खर्च नहीं होना है और राशि पहले से ही मानगो नगर निगम के पास उपलब्ध है, तो स्वीकृति में इतनी देरी क्यों हुई?
“लगता है, नगर विकास विभाग की कार्य संस्कृति में ही खोट है”
सदन में बोलते हुए सरयू राय ने तीखा टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि नगर विकास विभाग की कार्य-संस्कृति में ही कोई खामी है। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक स्वीकृति दिलाने के लिए वे अप्रैल 2025 से अब तक तीन बार विभागीय मंत्री और तीन बार विभागीय सचिव से मिल चुके हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि इन योजनाओं की तकनीकी स्वीकृति एक वर्ष पूर्व ही मिल चुकी थी। ऐसे में प्रशासनिक स्वीकृति में 10 महीने की देरी समझ से परे है।
प्रश्न उठा तो मिली स्वीकृति
विभागीय मंत्री ने सदन में उत्तर देते हुए बताया कि विभागीय स्वीकृत्यादेश संख्या-136, दिनांक 24.02.2026 के माध्यम से छह योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
इस पर सरयू राय ने कहा कि यदि यह प्रश्न विधानसभा में नहीं उठाया जाता तो संभव है कि स्वीकृति और लंबित रहती। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि आज सदन में प्रश्न आया और कल शाम को स्वीकृति जारी हो गई।
राजनीतिक हलकों में इस घटनाक्रम को प्रशासनिक सक्रियता और विपक्षी दबाव दोनों के संदर्भ में देखा जा रहा है।
इन योजनाओं को मिली स्वीकृति
वार्ड नं.-9 जवाहर नगर रोड नं.-6 कुटकुटडुंगरी में पप्पू दास के घर से उलिडीह खनका तक आरसीसी नाली निर्माण – ₹71,92,550/-
वार्ड नं.-9 उलिडीह में मिथिलेश के घर से डिमना मेन रोड तक तथा अन्य क्रॉस रोड में आरसीसी नाली निर्माण – ₹35,55,600/-
वार्ड नं.-9 सिंह जी के घर से दरभंगा डेयरी डिमना मेन रोड तक आरसीसी नाली निर्माण – ₹71,45,500/-
वार्ड नं.-9 रामकृष्ण कॉलोनी से कंचन गैस एजेंसी तक आरसीसी नाली निर्माण – ₹68,72,250/-
वार्ड नं.-10 मून सिटी के पास वृद्ध नागरिकों के लिए शेल्टर होम निर्माण – ₹28,13,450/-
मानगो नगर निगम कार्यालय भवन के समीप जी+2 भवन का निर्माण – ₹86,55,900/-
कुल राशि: ₹3,62,35,250/-








