Chaibasa:सारंडा क्षेत्र में बकरी चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। गुवा थाना क्षेत्र अंतर्गत रोवाम गांव में बीती रात एक बार फिर चोरों ने गरीब आदिवासी परिवार की आजीविका पर डाका डाल दिया। अज्ञात चोरों ने रोवाम गांव निवासी कूदा सिद्धू के घर से तीन बकरियों की चोरी कर ली और चार पहिया वाहन से फरार हो गए।
घटना के बाद जब परिजन और ग्रामीण रात में ही बकरियों की तलाश में जुटे, तो घटनास्थल पर एक मोबाइल फोन पड़ा हुआ मिला। ग्रामीणों का मानना है कि चोरी के दौरान यह मोबाइल चोरों से ही गिर गया होगा। यह मोबाइल पुलिस के लिए चोरों तक पहुंचने का एक महत्वपूर्ण सुराग साबित हो सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि केवल रोवाम गांव ही नहीं, बल्कि पूरे सारंडा क्षेत्र के कई गांवों में बीते कुछ महीनों से बकरी चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। अब तक दर्जनों परिवारों की सैकड़ों बकरियां चोरी हो चुकी हैं, लेकिन चोरों की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
सारंडा क्षेत्र के गरीब आदिवासी परिवारों के लिए बकरी पालन आय का प्रमुख साधन है। बकरियों की बिक्री से ही बच्चों की पढ़ाई, इलाज और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी होती हैं। लगातार हो रही चोरी से इन परिवारों की आर्थिक हालत दिन-ब-दिन कमजोर होती जा रही है।
ग्रामीणों ने गुवा थाना पुलिस से मांग की है कि घटनास्थल पर मिले मोबाइल फोन के आधार पर जल्द से जल्द चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो चोरों का हौसला और बढ़ेगा और बकरी पालन पर निर्भर गरीब परिवार पूरी तरह बर्बादी की कगार पर पहुंच जाएंगे।









