सारंडा में नक्सली आईईडी ब्लास्ट: सीआरपीएफ का स्वान शहीद

SHARE:

Manoharpur:नक्सल प्रभावित सारंडा जंगल एक बार फिर धमाके से दहल उठा। शनिवार को छोटानागरा थाना क्षेत्र के बालिबा जंगल इलाके में सीआरपीएफ जवानों पर नक्सलियों ने घात लगाकर आईईडी ब्लास्ट किया। विस्फोट इतना जोरदार था कि मौके पर मौजूद सीआरपीएफ के प्रशिक्षित स्वान (डॉग) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका हैंडलर जवान सुमित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा बलों की टीम इलाके में कंबिंग ऑपरेशन चला रही थी। तभी घात लगाए बैठे नक्सलियों ने पहले से लगाए गए प्रेशर बम को विस्फोटित कर दिया। ब्लास्ट की आवाज पूरे जंगल में गूंज उठी। घटना के तुरंत बाद घायल जवान को निकटवर्ती कैंप में ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा —

“कांबिंग ऑपरेशन के दौरान आईईडी ब्लास्ट की आवाज सुनी गई है। अभी तक किसी जवान के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। सभी सुरक्षित हैं। विस्तृत जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।”



घटना के बाद इलाके में बम निरोधक दस्ते और फॉरेंसिक टीम को भेजा गया है। टीम विस्फोटक की प्रकृति और सक्रियता की जांच कर रही है। वहीं, सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया है, क्योंकि आशंका है कि आसपास और आईईडी लगाए जा सकते हैं।

सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, नक्सली अक्सर इसी तरह के ब्लास्ट कर सुरक्षाबलों की मूवमेंट को बाधित करते हैं और इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश करते हैं। फिलहाल सारंडा जंगल में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।

Leave a Comment