पुरोहित समाज ने अध्यक्ष मनोज चौधरी का किया अभिनंदन, पुलक सतपथी बने उपाध्यक्ष

SHARE:

Seraikela:सरायकेला के मांजना घाट स्थित शिव मंदिर परिसर में उत्कलिय पुरोहित समाज द्वारा नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज चौधरी के सम्मान में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के अध्यक्ष घासी राम सतपति एवं नीलकंठ सारंगी ने अंगवस्त्र और श्रीफल भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद मनोज चौधरी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल सम्मान नहीं, बल्कि पुरोहित समाज का आशीर्वाद है। उन्होंने कहा कि विप्र समाज सदैव वंदनीय रहा है और इस स्नेह व समर्थन से उन्हें जनता की सेवा करने की दुगुनी ऊर्जा मिलेगी। साथ ही उन्होंने समाज के उत्थान के लिए हर संभव प्रयास करने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम के दौरान पुरोहित समाज के सदस्यों ने कोरोना काल से लेकर अब तक मनोज चौधरी द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। साथ ही संस्था के निबंधन समेत विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया गया।

इसी मौके पर सर्वसम्मति से पुलक सतपथी को समाज का उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया।

कार्यक्रम में नीलकंठ सारंगी, मनोज तिवारी, किशोर सारंगी सहित पुरोहित समाज के दर्जनों सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए समाज के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

Leave a Comment