Seraikela:सरायकेला-खरसावां जिले की पुलिस के लिए यह एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण है। गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी Ranking of Police Stations 2025 की वार्षिक रिपोर्ट में जिले के चौका थाना को पूरे देश में चौथा स्थान प्राप्त हुआ है। वहीं झारखंड राज्य में यह थाना प्रथम स्थान पर रहा है।
यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष मानी जा रही है क्योंकि देशभर के 18,000 से अधिक पुलिस थानों के बीच चौका थाना ने यह मुकाम हासिल किया है। गृह मंत्रालय हर वर्ष पुलिस थानों का विस्तृत सर्वेक्षण करता है, जिसमें अपराध नियंत्रण, जनता से व्यवहार, शिकायत निवारण, कानून-व्यवस्था, नवाचार और प्रशासनिक दक्षता जैसे कई मानकों पर थानों का मूल्यांकन किया जाता है।
इस बड़ी उपलब्धि पर सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने जिले की पूरी पुलिस टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा
“गृह मंत्रालय, भारत सरकार की Ranking of Police Stations 2025 रिपोर्ट में चौका थाना का पूरे भारत में चौथा और झारखंड में पहला स्थान प्राप्त करना जिले के लिए गर्व की बात है। यह सम्मान सरायकेला-खरसावां पुलिस की टीमवर्क, कड़ी मेहनत और जनता के प्रति समर्पित सेवा भावना का परिणाम है।”
स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भी चौका थाना की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की है। लोगों का कहना है कि थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था में सुधार, त्वरित कार्रवाई और पुलिस की जनसुलभ कार्यशैली का असर अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई दे रहा है।
यह सम्मान न सिर्फ चौका थाना बल्कि पूरे सरायकेला-खरसावां जिले की पुलिसिंग व्यवस्था के लिए एक प्रेरणा है और आने वाले समय में बेहतर एवं पारदर्शी पुलिस सेवा की उम्मीद को और मजबूत करता है।









