Seraikela:सरायकेला जिला के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आज साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए नागरिकों ने अपनी शिकायतें एवं समस्याएँ उपायुक्त के समक्ष रखीं।
जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता और सहानुभूति के साथ सुना और उपस्थित विभागीय अधिकारियों को त्वरित जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर विभिन्न प्रकार की शिकायतें सामने आईं —
सरायकेला स्थित गेस्ट हाउस परिसर के समीप भूमि सीमा विवाद,
अंचल कार्यालय में बंदोबस्त संबंधी पंजी-II में ऑनलाइन प्रविष्टि नहीं किए जाने की शिकायत,
चांडिल प्रखंड के करंडीह गांव में भारत ऑटोमोबाइल प्रा. लि. के निदेशक द्वारा भूमि कब्जे का मामला,
राजनगर एवं नीमडीह अंचल से संबंधित लंबित म्यूटेशन और भूमि विवाद,
महिला उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतें भी दर्ज की गईं।
उपायुक्त ने संबंधित अंचल अधिकारियों को प्रत्येक मामले की विस्तृत जांच कर न्यायोचित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को सुनना, समझना और समाधान तक पहुँचना है, ताकि शासन की संवेदनशीलता और जवाबदेही कायम रहे।









