सरायकेला में ‘इंस्टेंट इंडिया न्यूज़ वायरल बिहार-झारखंड’ पत्रिका का भव्य विमोचन, उपायुक्त ने निष्पक्ष पत्रकारिता पर दिया जोर

SHARE:

Seraikela : जिले में मंगलवार को पत्रकारिता जगत के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण उस समय दर्ज हुआ, जब मासिक पत्रिका “इंस्टेंट इंडिया न्यूज़ वायरल बिहार-झारखंड” का भव्य विमोचन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने पत्रिका का औपचारिक विमोचन किया। अपने संबोधन में उन्होंने संपादकीय टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने रचनात्मक सोच, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर बल दिया।

विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में पत्रकारिता का स्वरूप लगातार बदल रहा है, ऐसे में प्रिंट मीडिया में कदम रखना साहसिक और सराहनीय पहल है। उन्होंने पत्रिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार, सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, डीटीओ गिरजा शंकर महतो, गम्हरिया सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा वरिष्ठ पत्रकार, शिक्षाविद, समाजसेवी और बुद्धिजीवी वर्ग की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

उपस्थित सभी अतिथियों ने एक स्वर में इस पहल को क्षेत्रीय पत्रकारिता के लिए सकारात्मक कदम बताते हुए कहा कि इस तरह के मंच स्थानीय मुद्दों को मजबूती से उठाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और पत्रिका को जनसरोकारों की आवाज बनाने का संकल्प दोहराया।

Leave a Comment