Adityapur : उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर उत्पाद विभाग ने शनिवार को जिले में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। उत्पाद अधीक्षक सौरभ तिवारी के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर सरायकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत सिनी ओपी के अधीन ग्राम पदमपुर और धनोबांध महादेवीपुर में छापेमारी अभियान चलाया गया।
छापेमारी के दौरान 50 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई, जिसे विधि सम्मत जब्त किया गया। इसके अलावा करीब 350 किलोग्राम जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
इस कार्रवाई में अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री में संलिप्त गोपी उरांव और बाबूलाल मंडल के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उत्पाद अधीक्षक सौरभ तिवारी ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से अवैध शराब कारोबार के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे अवैध धंधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।









