सरायकेला-खरसावां : जिले में अवैध खनन और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने सरायकेला थाना क्षेत्र के सिनी चौक के पास जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान अवैध रूप से लौह अयस्क का परिवहन कर रहे एक टाटा ट्रेलर वाहन को जब्त किया गया और वाहन को सरायकेला थाना को सुपुर्द कर दिया गया है।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और खनिजों के अनधिकृत परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने खनन विभाग, पुलिस प्रशासन और परिवहन विभाग को संयुक्त रूप से निरंतर औचक जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया है ताकि ऐसे मामलों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
इसके साथ ही जिला परिवहन पदाधिकारी को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि खनिजों का परिवहन करने वाले भारी वाहन पूरी तरह ढके हों, और खुले में खनिज परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
जिला प्रशासन ने जनता से भी अपील की है कि वे अवैध खनन या खनिज परिवहन से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना प्रशासन को दें, ताकि ऐसे गैरकानूनी कार्यों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।









