Seraikela : सरायकेला–खरसावाँ जिले में गृह रक्षक (होम गार्ड) नव नामांकन प्रक्रिया के तहत आयोजित शारीरिक दक्षता सह लिखित परीक्षा शनिवार को कड़े सुरक्षा और पारदर्शी व्यवस्था के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा का आयोजन बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में किया गया, जहां बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, कुल 1315 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 860 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि 455 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सुबह से ही स्टेडियम परिसर में अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिली, जहां प्रवेश से लेकर परीक्षण तक सभी प्रक्रियाएं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की गईं।
शारीरिक दक्षता परीक्षा के अंतर्गत आयोजित दौड़ प्रतियोगिता में 416 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए। इनमें 144 पुरुष और 272 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह चयन प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई।
परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पेयजल, प्राथमिक उपचार, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया। पूरे आयोजन पर प्रशासनिक अधिकारियों की नजर बनी रही, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
स्थानीय प्रशासन ने परीक्षा के सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि आगे की चयन प्रक्रिया भी इसी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी।








