सरायकेला में दिशा बैठक, मंत्री संजय सेठ ने पेयजल, सड़क और अतिक्रमण पर दिए सख्त निर्देश

SHARE:

Seraikela:जिला मुख्यालय सभागार में बुधवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने की, जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

मंत्री संजय सेठ ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए पूरे सरायकेला-खरसावां जिले में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना को शत-प्रतिशत धरातल पर लागू करने को कहा, ताकि हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंच सके।

चांडिल के पितकी फाटक जाम की समस्या पर संज्ञान लेते हुए मंत्री ने बताया कि एनएच (NH) के अधिकारी इस पर कार्य योजना तैयार कर रहे हैं। 11 अप्रैल को संबंधित अधिकारी उपायुक्त से मिलकर इसका ठोस ब्लूप्रिंट तैयार करेंगे। वहीं, JRDCL के अधीन सड़कों के धीमे रखरखाव पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने लापरवाह एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी दी।

आदित्यपुर और गम्हरिया क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण के मामलों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने उपायुक्त को जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कचरा डंपिंग की समस्या पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में सांसद जोबा मांझी, सांसद कालीचरण मुंडा, विधायक सविता महतो, विधायक दशरथ गागराई तथा आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में विकास कार्यों की गति तेज करने और जनसमस्याओं के समाधान के लिए समन्वित प्रयासों पर जोर दिया गया।

Leave a Comment