Chaibasha : मनोहरपुर-छोटानागरा मुख्य सड़क पर स्थित सलाई गांव के पास एक तीखे मोड़ पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक की पहचान 18 वर्षीय कोदो चंपिया के रूप में की गई है, जो छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा जामकुंडिया गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोदो चंपिया रात में सलाई से अपने गांव की ओर लौट रहा था। रास्ते में एक तीखे मोड़ पर उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर चोटें आईं।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को उठाकर मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु रेफर कर दिया।
इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने उक्त तीखे मोड़ पर चेतावनी संकेतक एवं बैरिकेड लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि इस मोड़ पर पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं और समय रहते सुरक्षा इंतज़ाम नहीं किए गए तो भविष्य में बड़े हादसे हो सकते हैं।









