शहर में चापड़ से हमले की वारदातें बेलगाम, काशीडीह में युवक पर जानलेवा हमला, एमजीएम में भर्ती

SHARE:

Jamshedpur:शहर में चापड़ से अपराध की घटनाओं में बीते कुछ दिनों के भीतर अप्रत्याशित बढ़ोतरी ने पुलिस और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार सामने आ रही हिंसक वारदातों की कड़ी में एक ताजा मामला गुरुवार तड़के साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह रोड नंबर-1 से सामने आया है, जहां एक युवक पर चापड़ से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

मोबाइल चार्जर चोरी से शुरू हुआ विवाद
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, काशीडीह निवासी प्रेम पासवान की मां का मोबाइल चार्जर और कुछ नकदी एक दिन पहले चोरी हो गई थी। इस मामले को लेकर प्रेम ने राहुल नामक युवक से बातचीत की थी, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से उस वक्त मामला शांत हो गया था।
अहले सुबह घर पहुंचकर किया हमला

बताया जा रहा है कि गुरुवार की अहले सुबह राहुल अपने कुछ साथियों के साथ प्रेम पासवान के घर पहुंचा और उस पर चापड़ से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में प्रेम को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद परिजनों ने उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुरानी रंजिश में दिया वारदात को अंजाम

पीड़ित प्रेम पासवान का आरोप है कि एक दिन पहले हुए विवाद के बाद ही राहुल ने बदला लेने की नीयत से इस हमले को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलने के बाद साकची थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। इलाके में बढ़ती चापड़बाजी की घटनाओं को लेकर पुलिस गश्त बढ़ाने की बात भी कही जा रही है।

Leave a Comment