सड़क हादसा : बेलडीह निवासी युवक की डंपर की चपेट में आने से मौत

SHARE:

Chandil:अनुमंडल क्षेत्र के नीमडीह थाना अंतर्गत पारगामा पंचायत के चुनचुरिया गांव के टोला जामडीह में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बेलडीह (थाना बोड़ाम, जिला पूर्वी सिंहभूम) निवासी धनंजय दास (35 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तालाब के समीप घुमावदार मोड़ पर कुकड़ू की ओर से आ रही एक खाली डंपर गाड़ी ने सामने से आ रहे बाइक सवार धनंजय को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डंपर चालक वाहन सहित फरार हो गया।

इधर, मृतक की पत्नी अपने दो बच्चों के साथ कुकड़ू में पति के आने का इंतजार कर रही थी। जब मोबाइल पर हादसे की खबर मिली तो वह बेसुध सी अपने पिता के साथ घटनास्थल पहुंची। पत्नी और बच्चों के करुण विलाप से माहौल गमगीन हो गया — ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।

सूचना मिलते ही नीमडीह थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि फरार डंपर का नंबर मिल चुका है और वाहन की जानकारी परिवहन विभाग से मंगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संतन कुमार तिवारी ने मृतक के परिजनों को व्हीकल एक्ट के तहत मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इस हृदयविदारक दुर्घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

Leave a Comment