Jamshedpur: जादूगोड़ा थाना अंतर्गत डोमजूड़ी पंचायत की मुखिया श्रीमती अनीता मुर्मू पर आरटीआई कार्यकर्ता को फोन पर धमकी देने का आरोप लगा है। इस संबंध में गोपालपुर के आसोबोनी निवासी एवं आरटीआई कार्यकर्ता संघ के सह-सचिव सुनील मुर्मू ने जादूगोड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, 9 जून को मुखिया अनीता मुर्मू ने 7667335946 नंबर से कॉल कर धमकी भरे लहजे में कहा कि आरटीआई का बिजनेस बंद कर दो। “मेरा एरिया घुसोगे तो हाथ जल जाएगा। तुम कौन होते हो आरटीआई लिखने वाले? डीसी हो क्या? आरटीआई मांगने का हक नहीं है।” साथ ही चेतावनी दी कि अगर डोमजूड़ी पंचायत क्षेत्र में आरटीआई से जुड़ी कोई गतिविधि की गई तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
सुनील मुर्मू ने यह भी बताया कि पूरी बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है। इसके अलावा, उन्होंने आशंका जताई कि यह धमकी किसी बड़े षड्यंत्र का हिस्सा हो सकती है, जिसमें अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं।
आरटीआई कार्यकर्ता ने मामले की प्रतिलिपि उपायुक्त (डीसी) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को भी प्रेषित कर निष्पक्ष जांच एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है









