Jamshedpur : जुगसलाई नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रिंकू सिंह ने मंगलवार को व्यापक जनसंपर्क अभियान के दौरान क्षेत्र की जनता से सीधा और भावनात्मक संवाद स्थापित किया। विभिन्न मोहल्लों और बस्तियों में निकली जनसंपर्क यात्रा के दौरान उन्हें हर वर्ग के लोगों का भरपूर समर्थन, स्नेह और आशीर्वाद मिला।
जनता को संबोधित करते हुए रिंकू सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह राजनीति को साधन नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम मानती हैं।
उन्होंने कहा, “मैं यहां राजनीति की रोटियां सेंकने नहीं आई हूं। बचपन से ही मेरे मन में समाज और जनता की सेवा का भाव रहा है। चुनाव जीतकर जुगसलाई की सेवा को नई ऊंचाई देना ही मेरा एकमात्र उद्देश्य है।”
उन्होंने यह भी कहा कि जुगसलाई उनके लिए केवल एक चुनावी क्षेत्र नहीं, बल्कि उनका अपना घर है और यहां का हर नागरिक उनके परिवार का सदस्य है।
जनसंपर्क अभियान के तहत रिंकू सिंह ने गुरुद्वारा, वीर कुंवर सिंह चौक (घोड़ा चौक), स्टेशन रोड, दुबे मोहल्ला, कुमार चौक, जुगसलाई दुर्गा बाड़ी (डाक बंगला), नया बाजार, फिरंगी चौक समेत आसपास के इलाकों का दौरा किया। उनके पहुंचते ही स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया और समर्थन में जोरदार नारे लगाए।
‘ईंट’ चुनाव चिह्न से जोड़ा विकास का संकल्प
अपने चुनाव चिह्न ‘ईंट’ को प्रतीकात्मक रूप से प्रस्तुत करते हुए रिंकू सिंह ने कहा कि जिस प्रकार एक-एक ईंट जुड़कर मजबूत इमारत का निर्माण करती है, उसी प्रकार उनके वादे और इरादे जुगसलाई के विकास की मजबूत नींव बनेंगे। उन्होंने मतदाताओं से कहा, “मैं खोखले वादों के साथ नहीं, बल्कि अपने परिजनों—यानी जुगसलाई की जनता—के विकास के लिए वचन और दृढ़ संकल्प लेकर आपके बीच आई हूं।”








