Lucknow : समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद राम गोपाल यादव द्वारा विंग कमांडर व्योमिका सिंह के संबंध में दिए गए जातिसूचक बयान पर सियासत गरमा गई है। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संदीप सिंह ने इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे देश की मातृशक्ति, सैन्य परंपरा और राष्ट्र के सम्मान पर सीधा हमला बताया है।

मंत्री संदीप सिंह ने कहा, “राम गोपाल यादव द्वारा विंग कमांडर व्योमिका सिंह के लिए जो शब्द कहे गए, वह उनकी संकीर्ण सोच को दर्शाते हैं। यह न केवल एक महिला अधिकारी का अपमान है, बल्कि हमारी मातृशक्ति और राष्ट्र गौरव के खिलाफ भी है।”

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इस प्रकार के जातिसूचक शब्दों का प्रयोग निंदनीय है और यह समाजवादी पार्टी की वोट बैंक की राजनीति को उजागर करता है। “हमारी सेना में सेवा कर रहे जवानों के लिए न जाति मायने रखती है, न धर्म – उनके लिए केवल राष्ट्र सर्वोपरि होता है।”

संदीप सिंह ने कहा कि राष्ट्र इस प्रकार के बयानों को कभी स्वीकार नहीं करेगा। “व्योमिका सिंह जैसी महिला अधिकारी, जिन्होंने राष्ट्रसेवा को अपना जीवन बनाया है, उनके सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। पूरा देश उनके साथ है।”

इस बयान के बाद भाजपा नेताओं सहित कई सामाजिक संगठनों ने राम गोपाल यादव से सार्वजनिक माफी की मांग की है। वहीं, सपा की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।