Jamshedpur : राजनगर थाना क्षेत्र के सिजुलता गांव में मंगलवार को बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) से अपराधियों ने 60 हजार रुपये लूट लिए। लूट के दौरान अपराधियों ने हवाई फायरिंग भी की, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का खोखा बरामद किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राजनगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में जांच दल गठित किया गया है।
सीसीटीवी फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस
पुलिस ने घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
डीएसपी समीर कुमार सवैया ने बताया कि अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की हर दिशा से जांच की जा रही है।
एक सप्ताह में दूसरी बड़ी वारदात
यह लूट सिजुलता गांव में सात दिन पहले हुई चोरी के बाद दूसरी बड़ी आपराधिक वारदात है।
पिछले सप्ताह एक शिक्षक के घर से 17 लाख रुपये की चोरी हुई थी। लगातार आपराधिक घटनाओं से इलाके के लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
लोगों में आक्रोश और असंतोष
लगातार बढ़ते अपराधों से स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरत रही है। अब देखना यह है कि पुलिस कितनी तेजी से अपराधियों को पकड़ पाती है और लोगों के सुरक्षा के भरोसे को बहाल कर पाती है।









