Potka:पोटका प्रखंड के गंगाडीह पंचायत में सोमवार को आयोजित ‘आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार’ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ पोटका विधायक संजीव सरदार ने दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर पोटका सीओ निकिता बाला, बीडीओ अरुण कुमार मुंडा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान भारी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए सेवा-सह-सुविधा शिविरों में अपनी समस्याएं, आवेदन और दस्तावेज जमा किए। अधिकारियों ने भी तत्परता दिखाते हुए कई मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि झारखंड सरकार की यह पहल “जनता को उनके द्वार पर योजनाओं का लाभ पहुँचाने का सशक्त माध्यम” है। उन्होंने स्पष्ट कहा—
“हमारी सरकार योजनाएँ सिर्फ लागू नहीं करती, बल्कि यह सुनिश्चित करती है कि पात्र परिवार तक हर योजना पहुंचे। ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान हमारी पहली प्राथमिकता है।”
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव और घर-घर तक पहुँचाई जाए, ताकि कोई भी पात्र परिवार लाभ से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में पूर्व जिला परिषद चंद्रवाती महतो, सुनील महतो समेत सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।









