Jamshedpur:शहर में एक बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने साजिश को नाकाम कर दिया है। सिदगोड़ा थाना अंतर्गत एग्रिको क्षेत्र में खाली पड़े सरकारी क्वार्टर में छिपकर हत्या की योजना बना रहे दो अपराधियों को पुलिस ने हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिससे अपराधकर्मी पोपो मुंडा की हत्या की साजिश पर समय रहते ब्रेक लग गया।
गुप्त सूचना पर हुई त्वरित कार्रवाई पुलिस को बुधवार देर रात वरीय अधिकारियों के माध्यम से सूचना मिली थी कि एग्रिको इलाके के खाली क्वार्टरों में कुछ अपराधी छिपे हुए हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी के निकट पर्यवेक्षण में डीएसपी मुख्यालय प्रथम के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान एग्रिको क्रॉस रोड नंबर-13 स्थित क्वार्टर संख्या L4/19 से अंकित कुमार शर्मा उर्फ जादू को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से—
7.65 बोर का एक देशी पिस्टल
छह जिंदा कारतूस
दो मोबाइल फोन
बरामद किए गए।
दुश्मनी में रची थी हत्या की योजना
पूछताछ में अंकित कुमार शर्मा ने खुलासा किया कि वह पूर्व में डब्लू मिश्रा गिरोह के लिए काम कर चुका है। उसने बताया कि बागबेड़ा निवासी अपराधी पोपो मुंडा से उसकी पुरानी दुश्मनी थी और उसी रंजिश के चलते वह उसकी हत्या की योजना बना रहा था। हालांकि, हत्या को अंजाम देने से पहले ही पोपो मुंडा की गिरफ्तारी हो जाने के कारण उसकी योजना अधूरी रह गई।
हथियार सप्लायर भी गिरफ्त में
आगे की पूछताछ में अंकित शर्मा ने यह भी बताया कि बरामद पिस्टल और कारतूस उसे उसके पुराने साथी
विशाल कुमार तिवारी उर्फ राहुल तिवारी उर्फ छे-छे ने उपलब्ध कराए थे। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशाल कुमार तिवारी को भी गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार
अंकित कुमार शर्मा (24 वर्ष) के खिलाफ बागबेड़ा और मानगो थाना क्षेत्रों में हत्या, हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
वहीं विशाल कुमार तिवारी के खिलाफ भी हत्या, फायरिंग और आर्म्स एक्ट से संबंधित कई संगीन मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सिदगोड़ा थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।









