घाटशिला, चाकुलिया प्रखंड
चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित उच्च विद्यालय बरडी कानपुर में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक विष्णु अहीर के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों द्वारा स्कूल परिसर में बीते कई दिनों से पौधे लगाए जा रहे हैं। अब तक लगभग 100 पौधों का रोपण सफलतापूर्वक किया जा चुका है।
पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश
प्रधानाध्यापक विष्णु अहीर ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि पौधारोपण न केवल पर्यावरण की रक्षा करता है, बल्कि वायुमंडलीय प्रदूषण को भी कम करता है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे अपने घरों और आस-पड़ोस में भी लोगों को पौधे लगाने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने यह भी बताया कि पेड़-पौधे न केवल ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि जड़ी-बूटी और औषधीय गुणों से भी भरपूर होते हैं, जो मानव जीवन के लिए अत्यंत लाभकारी हैं।
छात्र-छात्राओं की उत्साहजनक भागीदारी
पौधारोपण कार्यक्रम में खुशी रानी महतो, सरस्वती टुडू, छीता मान्डी, विमला सरदार, सरिता पातर, लक्ष्मी मुर्मू, सागुन मान्डी, जग बंधु किस्कु सहित अनेकों छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। सभी ने मिलकर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे और उनकी देखभाल का संकल्प लिया।
