पीसी-पीएनडीटी मामलों की समीक्षा बैठक, कई केंद्रों को मिली स्वीकृति

SHARE:

Jamshedpur  : पूर्वी सिंहभूम जिले में पीसी-पीएनडीटी से संबंधित विभिन्न मामलों की समीक्षा को लेकर उपायुक्त Karan Satyarthi की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान चिकित्सकों के नाम जोड़ने, पंजीकरण नवीकरण, स्थान परिवर्तन, पंजीकरण समर्पण, मशीन विक्रय, नई मशीन इंस्टॉलेशन, मशीन ट्रांसफर, नए पंजीकरण और न्यायालय से जुड़े मामलों पर विस्तृत चर्चा की गई।

समीक्षा के दौरान समिति ने छह केंद्रों के नवीकरण, तीन केंद्रों में चिकित्सक संबद्ध करने, एक केंद्र के स्थान परिवर्तन, एक केंद्र का अनुरोध पर पंजीकरण निरस्त करने, चार केंद्रों में नई मशीन लगाने, एक केंद्र में मशीन स्थानांतरण तथा दो केंद्रों को नया पंजीकरण प्रदान करने को स्वीकृति दी। साथ ही एक न्यायालय वाद में कोर्ट के आदेश के अनुरूप संबंधित केंद्र को पुनः संचालित करने की अनुमति दी गई।

बैठक में उपायुक्त Karan Satyarthi ने सभी मामलों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए पीसी-पीएनडीटी अधिनियम के सख्त अनुपालन के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा सभी प्रस्तावों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत निपटाने का निर्देश दिया गया। संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने, रिकॉर्ड अद्यतन रखने और कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए।

Leave a Comment