सदन में गूंजी पटमदा–बोड़ाम की आवाज, विधायक मंगल कालिंदी ने उठाई डेयरी प्लांट की मांग

SHARE:

Jamshedpur:मंगल कालिंदी ने शुक्रवार को षष्ठम झारखंड विधानसभा के पंचम (बजट) सत्र के शून्यकाल में पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड की वर्षों पुरानी मांग को मजबूती से उठाया। उन्होंने सदन के पटल पर स्पष्ट कहा कि डेयरी प्लांट के अभाव में क्षेत्र के किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पटमदा और बोड़ाम प्रखंड दुग्ध उत्पादन के लिए तेजी से उभरते क्षेत्र हैं। बड़ी संख्या में किसान पशुपालन के जरिए दूध उत्पादन कर रहे हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण इकाई नहीं होने से उन्हें कच्चा दूध औने-पौने दाम में बेचने को मजबूर होना पड़ता है।
विधायक कालिंदी ने सदन में कहा कि यदि इन दोनों प्रखंडों में आधुनिक डेयरी प्लांट की स्थापना हो जाती है तो किसान दूध से पनीर, दही, घी और अन्य दुग्ध उत्पाद तैयार कर सकेंगे। इससे न केवल किसानों की आय में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने सरकार से लोकहित एवं जनहित में शीघ्र निर्णय लेने की मांग करते हुए कहा कि पटमदा–बोड़ाम क्षेत्र में डेयरी उद्योग की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
सदन में अपनी बात रखते हुए विधायक ने यह भी संकेत दिया कि यदि सरकार इस दिशा में पहल करती है तो क्षेत्र में श्वेत क्रांति का नया अध्याय शुरू हो सकता है। अब निगाहें राज्य सरकार के रुख पर टिकी हैं कि वह इस मांग पर क्या कदम उठाती है।

Leave a Comment