पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर भाजपा जमशेदपुर की संगोष्ठी का आयोजन मोदी सरकार ने ‘अंत्योदय’ के विचार को किया साकार : बाबूलाल मरांडी

SHARE:

जमशेदपुर :
भारतीय जनसंघ के संस्थापक और भारतीय राजनीति के महान विचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 109वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से साकची स्थित काली माटी बैंक्वेट हॉल में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने की, जबकि मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी उपस्थित हुए।

मरांडी ने बताया ‘अंत्योदय’ का महत्

अपने संबोधन में बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने राजनीति को सेवा का माध्यम मानते हुए समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने उपाध्याय जी की ‘अंत्योदय’ की भावना को उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जनधन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और सौभाग्य योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से साकार किया है।

मरांडी ने कहा कि “पंडित दीनदयाल उपाध्याय का विचारधारा आज भी उतनी ही प्रासंगिक है, जितनी उनके समय में थी। अंत्योदय यानी अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना, यही भाजपा की राजनीति का मूल है।”

कोरोना काल में उजागर हुई अंत्योदय की भावना

जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने अपने विचार रखते हुए कहा कि जब पूरी दुनिया कोरोना महामारी से जूझ रही थी, तब प्रधानमंत्री मोदी ने 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराकर अंत्योदय की भावना का वास्तविक परिचय कराया। उन्होंने कहा कि आज भी यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि गरीबों के चूल्हे न बुझें और योजनाओं का लाभ सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

विधायकों और नेताओं ने रखा अपना दृष्टिकोण

जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने ‘एकात्म मानववाद’ और ‘सुचिता की राजनीति’ का दर्शन दिया। उन्होंने समाज के हर वर्ग को जोड़ने का काम किया।
पूर्व सांसद आभा महतो ने कहा कि भाजपा का वर्तमान स्वरूप उन्हीं की विचारधारा पर आधारित है।
वहीं पोटका विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी मीरा मुंडा ने कहा कि उपाध्याय जी की नीतियां और सिद्धांत आज भी हमारे मार्गदर्शक हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हीं विचारों को आगे बढ़ा रहे हैं।

संगोष्ठी का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन

कार्यक्रम का स्वागत भाषण जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने दिया, मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष राजीव सिंह ने किया और धन्यवाद ज्ञापन जिला मंत्री जितेंद्र राय ने प्रस्तुत किया।

भव्य उपस्थिति और संकल्

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, पूर्व सांसद आभा महतो, पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा, संजीव सिंह, राजकुमार श्रीवास्तव, गुंजन यादव, नीतीश कुशवाहा, मिली दास, कल्याणी शरण समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।