Jamshedpur: देश के महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती के पावन अवसर पर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बागबेड़ा के प्रांगण में भाई-बहनों द्वारा भव्य गणित मेला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में शैक्षणिक उत्साह और रचनात्मकता का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष अरविन्द कुमार सिंह, सचिव डॉ. कविता परमार एवं प्रधानाचार्य रंजय कुमार राय द्वारा संयुक्त रूप से श्रीनिवास रामानुजन, माँ सरस्वती और भारत माता के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया गया।
इस मौके पर अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए दैनिक जीवन में गणित के महत्व, उसकी उपयोगिता और वैज्ञानिक सोच के विकास में उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। साथ ही उपस्थित अभिभावकों को राष्ट्रीय गणित दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।
गणित मेले में विद्यालय के प्राथमिक एवं माध्यमिक खंड के प्रतिभागी भाई-बहनों द्वारा गणित से संबंधित लगभग 150 आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक प्रदर्श लगाए गए। इन प्रदर्शों के माध्यम से गणितीय अवधारणाओं को सरल और रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे देखकर विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। यह गणित मेला न केवल विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने वाला रहा, बल्कि गणित के प्रति रुचि और समझ को बढ़ाने में भी सफल सिद्ध हुआ।









