जमशेदपुर। नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय (एनएसयू) के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। मेडिसिन एंड लैब टेस्टिंग के क्षेत्र में देश की प्रतिष्ठित कंपनी डॉ. लाल पैथलैबस् द्वारा आयोजित प्लेसमेंट प्रक्रिया में विश्वविद्यालय के बी.फार्मा विभाग के तीन विद्यार्थियों का चयन टेरिटोरी एग्जीक्यूटिव पद के लिए हुआ है। चयनित विद्यार्थियों में निशांत कुमार, पुष्प राज और निखिल सिन्हा शामिल हैं। इन सभी को लगभग 4.5 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर नियुक्ति प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
प्लेसमेंट ईकाई की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, इन विद्यार्थियों की नियुक्ति बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के क्षेत्रीय कार्यालयों में की जाएगी। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है, क्योंकि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ व्यावसायिक दुनिया में प्रवेश का सशक्त अवसर प्राप्त हुआ है।

लगातार मिल रहे हैं नौकरी के अवसर
प्लेसमेंट ईकाई के पदाधिकारियों ने बताया कि विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को लगातार प्रतिष्ठित कंपनियों से प्लेसमेंट के प्रस्ताव मिल रहे हैं। डॉ. लाल पैथलैबस् जैसी कंपनियों में चयन यह दर्शाता है कि विश्वविद्यालय का प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रभावशाली दिशा में कार्य कर रहा है। “हमारा लक्ष्य है कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को करियर के उपयुक्त अवसर प्रदान किए जाएं,” उन्होंने कहा।

कुलपति डॉ. पी.के. पाणि ने दी बधाई
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. डॉ. पी.के. पाणि ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को उनकी कड़ी मेहनत, प्रतिभा और कौशल के बल पर देश की नामी कंपनियों में काम करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में टेकसेवी कंपनियों और अन्य क्षेत्रों में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। “हमारा निरंतर प्रयास है कि ऐसी कंपनियों से संपर्क स्थापित किया जाए, जो हमारे विद्यार्थियों को बेहतर अवसर प्रदान कर सकें,” उन्होंने कहा।

कौशल विकास पर विशेष जोर: कुलसचिव नागेंद्र सिंह
इस अवसर पर कुलसचिव नागेंद्र सिंह ने विश्वविद्यालय प्रशासन और प्लेसमेंट टीम के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक विकास ही नहीं बल्कि विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व और व्यावसायिक कौशल को भी विकसित करना है। उन्होंने बताया कि समय की मांग को देखते हुए विश्वविद्यालय ने फाइनेंस लिटरेसी, मार्केट स्ट्रेटेजी, डिजिटल मार्केटिंग, कैपिटल इन्वेस्टमेंट कंसल्टेंसी जैसे प्रासंगिक पाठ्यक्रमों की शुरुआत की है।

“हम चाहते हैं कि हमारे विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ वास्तविक दुनिया की चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार हों। इसके लिए जरूरी है कि विद्यार्थी भी पूरे समर्पण और परिश्रम के साथ अपने कौशल को निखारें,” उन्होंने कहा।
संस्थान और विद्यार्थियों की इस संयुक्त सफलता ने नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय को रोजगारपरक शिक्षा के क्षेत्र में एक मजबूत पहचान दिलाई है।









