Chaibasha : सरायकेला-खरसावां जिले के बादुड़ी पंचायत में बढ़ते सड़क हादसों और भारी वाहनों के अनियंत्रित आवाजाही को लेकर आक्रोश उभरने लगा है। बुधवार को बादुड़ी गांव में आयोजित एक विशेष बैठक में समाजसेवी रमेश बलमुचु ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अगर प्रशासन 27 अक्टूबर तक नो एंट्री की व्यवस्था लागू नहीं करता, तो झारखंड सरकार के परिवहन मंत्री दीपक बिरूवा के आवास का घेराव किया जाएगा और अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
बैठक में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से आंदोलन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार भारी वाहनों की आवाजाही से बच्चों, महिलाओं और आम नागरिकों की जान जोखिम में है। अधिवक्ता महेंद्र जामुदा ने कहा कि सड़क हादसों के कारण भय का माहौल व्याप्त है, इसलिए प्रशासन को तत्काल कड़े कदम उठाने चाहिए।
युवा नेता साधु हो ने ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान चलाने की जानकारी दी, वहीं समाजसेवी रेयांस समाड ने सरकारी सहायता नहीं मिलने पर भी समाज की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। बैठक में रुगटा प्लांट के निकट सड़क दुर्घटना में मारे गए चोकोरो गोडसोरा के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा और इसका पूरा दायित्व प्रशासन पर होगा।









