Seraikela:सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरु गांव में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ईंट भट्ठे की देखरेख कर रहे एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में भट्ठे के समीप पड़ा मिला। मृतक की पहचान खितिस चंद्र महतो के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, खितिस चंद्र महतो मंगलवार रात की तरह ही भट्ठे की निगरानी के लिए गए थे। रोज की तरह सुबह घर लौटने की उम्मीद थी, लेकिन जब वह वापस नहीं आए तो परिवार के लोगों ने खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद उनका शव भट्ठे के पास पड़ा मिला। घटना की खबर मिलते ही गांव में शोक और दहशत का माहौल बन गया।
सूचना पर नीमडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की। थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव पर किसी बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है।
ग्रामीणों ने घटना को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं होता, तब तक संदेह बना रहेगा। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर बिंदु पर पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह हादसा है, प्राकृतिक मौत या फिर इसके पीछे कोई और कारण।








