बुद्ध पूर्णिमा पर नेटो में चड़क पूजा की धूम, 70 फीट ऊंचाई पर भोक्ताओं ने दिखाए आस्था के करतब

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : राजनगर प्रखंड के नेटो गांव में बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर पारंपरिक चड़क पूजा पूरे धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। प्राकृतिक सौंदर्य से घिरे इस क्षेत्र में आयोजित नेटो मेला एक बार फिर आस्था और परंपरा का अद्भुत संगम बन गया, जहां दूर-दराज से हजारों श्रद्धालु पहुंचे।

पूजा कार्यक्रम के तहत शुभ घट, भक्त स्नान, यात्रा घाट, हनुमान घाट, गइरा भार और कालिका घाट में विधिवत अनुष्ठान किए गए। रात्रि में मानभूम शैली का प्रसिद्ध छऊ नृत्य आयोजित हुआ, जो सुबह तक चलता रहा और दर्शकों को मंत्रमुग्ध करता रहा।

इस अवसर पर लगे मेले में आदिवासी शॉर्ट ड्रामा और डांस प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय प्रतिभाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भोक्ता टांगा और रजनीफुड़ा रहा। इसमें शिवभक्तों ने अपनी पीठ की चमड़ी में लोहे के हुक आर-पार कर 70 फीट ऊंचे लकड़ी के खंभे पर झूलकर आस्था और हठभक्ति का अनोखा प्रदर्शन किया। यह दृश्य देखकर उपस्थित लोग भावविभोर हो उठे।

भक्तों का मानना है कि यह कठिन साधना मन और आत्मा की शांति के लिए की जाती है और भगवान शिव के प्रति अटूट विश्वास का प्रतीक है। कई श्रद्धालुओं ने जलते अंगारों पर चलकर भी अपनी भक्ति प्रकट की।

नेटो मेला क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में से एक है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्यों और ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.