मुसाबनी में खाना बनाने को लेकर विवाद, पति ने पत्नी की गला घोंटकर की हत्या, झाड़ी से बरामद हुआ शव

SHARE:

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी हरिजन बस्ती में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां खाना बनाने को लेकर हुए विवाद में पति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने शव को घर से कुछ दूरी पर स्थित झाड़ी में फेंक दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शव बरामद कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मृतका की पहचान निशा शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना के तुरंत बाद आरोपी पति संजय शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संजय नशे का आदी था और शराब पीकर घर लौटने पर अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था।

सोमवार को भी संजय शराब के नशे में घर पहुंचा था। खाना बनाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई और विवाद बढ़ते-बढ़ते हिंसक हो गया। इसी दौरान आरोपी ने पत्नी का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद वह शव को उठाकर बेनासोल क्वार्टर के पास झाड़ी में फेंक आया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।

Leave a Comment