घाटशिला ब्लॉक परिसर और मेड़िया शिव मंदिर से निकली भव्य शिव बारात

SHARE:

Ghatshila:महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बुधवार को घाटशिला, मुसाबनी एवं आसपास के क्षेत्रों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष से गुंजायमान रहा। सुबह से ही शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
शिवभक्तों ने उपवास रखकर भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना की। शिवलिंग पर जल, दूध, दही, शहद, भांग, धतूरा, बेलपत्र और गंगाजल अर्पित कर शिव चालीसा का पाठ किया गया। मंदिरों में दिनभर भक्ति का माहौल रहा, वहीं शाम को कीर्तन और देर रात तक जागरण का आयोजन हुआ।
घाटशिला के ब्लॉक परिसर और मुसाबनी स्थित मेड़िया शिव मंदिर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य शिव बारात निकाली गई। सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु गाजे-बाजे और डीजे की धुन पर नाचते-गाते भगवान शिव की झांकियों के साथ आगे बढ़ते रहे। घाटशिला ब्लॉक परिसर से निकली शिव बारात रंकणी मंदिर तक पहुंची और वहां से पुनः नृत्य-गान के साथ वापसी हुई।
वापसी के बाद ब्लॉक परिसर में भक्तों के लिए महाप्रसाद का वितरण किया गया। मार्ग में शिव बारात के इंतजार में खड़े दुकानदारों ने श्रद्धालुओं के बीच शरबत और चना-गुड़ का प्रसाद बांटकर सेवा भावना का परिचय दिया।
वहीं मुसाबनी के मेड़िया शिव मंदिर से निकली शिव बारात गिरीशडांगा हनुमान मंदिर तक पहुंची और वहां से वापस लौटी। रास्ते भर भक्तजन झूमते नजर आए।

मुसाबनी नंबर-3 विश्वनाथ मंदिर, सिद्धेश्वर मंदिर, देवली पौराणिक महादेव मंदिर, न्यू कॉलोनी महाकालेश्वर शिव मंदिर, संकट मोचन शिव मंदिर एवं बाकड़ा शिव मंदिर में भी सैकड़ों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। शिवालयों में बाबा का आकर्षक श्रृंगार किया गया और महामृत्युंजय जाप का विशेष आयोजन हुआ।

महाशिवरात्रि के इस पर्व ने एक बार फिर क्षेत्र को शिवमय बना दिया, जहां भक्ति, उल्लास और सामूहिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Leave a Comment

और पढ़ें