बाइक से पहुंचे बाढ़ग्रस्त गांवों में विधायक संजीव सरदार, किया राहत सामग्री वितरण

SHARE:

Jamshedpur : पोटका विधायक संजीव सरदार ने हालिया बाढ़ से प्रभावित डुमुरिया प्रखंड के ग्रामीण इलाकों का दौरा बाइक से किया। भारी बारिश और जलजमाव के कारण सड़कें जर्जर हो चुकी हैं, बावजूद इसके विधायक सरदार ने कुमदाशोल, खारिधा, खेरबोनी, केदुआ, बाँकिशोल और बड़ा कीजिया जैसे प्रभावित गांवों में जाकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।

विधायक ने बाढ़ से बेहाल ग्रामीणों के बीच तिरपाल, सूखा राशन और वस्त्र वितरित किए और मौके पर ही प्रशासनिक अधिकारियों से बात कर तुरंत राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने अंचल अधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर प्रभावित परिवारों का आकलन शीघ्र कराने एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।



सड़क और पुलिया की हालत पर जताई चिंता, विभागीय अधिकारियों को दिए मरम्मत के निर्देश

दौरे के दौरान विधायक ने बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और पुलियों का निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को तत्काल डीपीआर तैयार कर मरम्मत कार्य शुरू करने का निर्देश दिया। डुमुरिया प्रखंड कार्यालय में बीडीओ निलेश कुमार मुर्मू के साथ समीक्षा बैठक कर उन्होंने प्रशासन से तेज़, पारदर्शी और प्रभावी राहत कार्य सुनिश्चित करने को कहा।

इस दौरान विधायक ने कहा, “सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह मेरी प्राथमिकता है। बाढ़ से प्रभावित कोई भी परिवार सहायता से वंचित न रहे, इसके लिए प्रशासन को सख्त निर्देश दिया गया है।”l



स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की मौजूदगी रही महत्वपूर्ण

दौरे और राहत वितरण कार्यक्रम में बीस सूत्री अध्यक्ष भगत बास्के, प्रखंड सचिव जयपाल सिंह मुर्मू, कोषाध्यक्ष अर्जुन मुर्मू, घाट परगना लखन मार्डी, काजमान सिंह सरदार, धरमाल मार्डी, साजन सरदार, राम सोरेन, दसमात मुर्मू, भगत हांसदा सहित कई समाजसेवी और स्थानीय नेता मौजूद रहे।

Leave a Comment