Manoharpur:पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र को नई दिशा देते हुए मंगलवार को नवनिर्मित हिल ट्रीस पब्लिक इंग्लिश स्कूल का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक जगत मांझी ने फीता काटकर किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक जगत मांझी ने कहा कि क्षेत्र में इंग्लिश मीडियम विद्यालय की स्थापना से स्थानीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान ग्रामीण विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धात्मक युग के अनुरूप तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि बेहतर शैक्षणिक माहौल और आधुनिक सुविधाएं छात्रों के भविष्य को नई दिशा देंगी, जिससे वे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकेंगे।
कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव और जिप सदस्य जयप्रकाश महतो ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर स्कूल के प्रिंसिपल इमरान अली, प्रबंधन समिति के सदस्य एैनुल हक, शौकत अली, इरफान अली, मुस्तर अली सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह के दौरान स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी कार्यक्रम में शामिल हुए। यह स्कूल क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।









