घाटशिला थाना गए रोशन लाल गुप्ता लापता, विधायक सरयू राय ने SSP से मांगी जानकारी

SHARE:

Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) से रोशन लाल गुप्ता की कुशलक्षेम को लेकर गंभीर चिंता जताई है। रोशन लाल गुप्ता ने हाल ही में घाटशिला के जिला पार्षद कर्ण सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई थी और बुधवार सुबह मामले में सुलह की बात कहकर घाटशिला थाना गए थे, लेकिन उसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।



विधायक राय ने बताया कि गुप्ता उनके विधानसभा क्षेत्र के निवासी हैं और आज सुबह लगभग आठ बजे उनके आवास पर आए थे। गुप्ता ने कहा था कि वे कर्ण सिंह से पुराना परिचय होने के कारण आपसी सुलह करना चाहते हैं, इसलिए स्वयं अपनी गाड़ी चलाकर घाटशिला थाना जाएंगे।



सरयू राय ने आगे बताया, “जैसे ही श्री गुप्ता थाना पहुंचे और सुलह की बात कही, वहीं मौजूद पुलिस अधिकारियों ने उन्हें उनकी गाड़ी तक पहुंचाया और फिर गाड़ी में बैठाकर अन्यत्र ले गए। तब से वे लापता हैं। परिजन व मित्र बेहद चिंतित हैं, उनका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। विधायक ने इसे घाटशिला पुलिस की निंदनीय कार्यशैली बताया और सवाल उठाया कि कहीं यह पूरी घटना किसी गहरी साजिश का हिस्सा तो नहीं है ताकि कर्ण सिंह को जेल भेजा जा सके और सुलह न हो पाए।



सरयू राय ने बताया कि उन्होंने इस बारे में सुबह ही वरीय पुलिस अधीक्षक और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक को सूचना दे दी थी कि श्री गुप्ता सुलह के इरादे से थाना जा रहे हैं। इसके बावजूद दिनभर कोई सूचना न मिलना और व्यक्ति का इस तरह लापता हो जाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।



SSP ने विधायक को मामले की जांच कर आवश्यक जानकारी देने का आश्वासन दिया है। फिलहाल रोशन लाल गुप्ता का कोई अता-पता नहीं है और उनके परिजन लगातार संपर्क में जुटे हैं।

Leave a Comment