एमजीएम अस्पताल की सी-आर्म मशीन तीन दिनों से खराब विकास सिंह ने उपायुक्त से की हस्तक्षेप की मांग

SHARE:

Jamshedpur:नवनिर्मित एमजीएम अस्पताल में सी-आर्म मशीन पिछले तीन दिनों से खराब पड़ी है, जिसके कारण हड्डी रोग विभाग में मरीजों के ऑपरेशन पूरी तरह ठप हो गए हैं। स्थिति यह है कि कई मरीज ऑपरेशन के इंतजार में अस्पताल के वार्डों में दर्द से कराह रहे हैं।

हड्डी रोग विभाग के बेड नंबर 110 पर भर्ती अमरजीत सिंह और बेड नंबर 149 पर भर्ती विमला देवी ने भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह को दूरभाष पर अपनी व्यथा सुनाई। जानकारी मिलते ही विकास सिंह तुरंत अस्पताल पहुंचे और मरीजों से मुलाकात की।

मरीजों के परिजनों ने बताया कि वे पिछले 20 दिनों से अस्पताल में इलाज करवा रहे हैं। डॉक्टर लगातार आश्वासन देते रहे कि “दो-चार दिनों में ऑपरेशन हो जाएगा”, लेकिन अब बताया जा रहा है कि सी-आर्म मशीन खराब होने के कारण सर्जरी संभव नहीं है। डॉक्टरों ने मरीजों को रांची रिम्स भेजने की सलाह दी है, परंतु गरीब परिवारों के लिए यह संभव नहीं है।

विकास सिंह ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को फोन पर अवगत कराया। उपायुक्त ने उन्हें आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

विकास सिंह ने कहा कि “रखरखाव और सफाई के अभाव में नवनिर्मित एमजीएम अस्पताल धीरे-धीरे अपनी पहचान खो रहा है। सरकार को इस दिशा में तुरंत कदम उठाने होंगे, वरना आम जनता की उम्मीदें टूट जाएंगी।”

Leave a Comment