Chaibasha : गुवा के बाद अब मेघाहातुबुरु खदान इकाई में भी स्थानीय युवाओं के अधिकारों की रक्षा को लेकर भर्ती विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन ने मेघाहातुबुरु जनरल ऑफिस के सामने बड़ी संख्या में मजदूरों के साथ विरोध प्रकट किया।
सुबह से ही मजदूर बैनर और तख्तियों के साथ कार्यालय परिसर में जमा हुए और जोरदार नारे लगाते रहे, जैसे “हमारा हक दो” और “बाहरी भर्ती बंद करो”। यूनियन के महासचिव आफताब आलम ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मेघाहातुबुरु खदान में बाहरी लोगों की बहाली किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि खदान प्रबंधन ने इस पर रोक नहीं लगाई, तो यूनियन आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार है।
प्रदर्शन के दौरान यूनियन ने सेल प्रबंधन को चार सूत्री मांग पत्र सौंपा, जिसमें शामिल हैं:
बाहरी लोगों की भर्ती तुरंत बंद करना।
स्थानीय युवाओं की अनदेखी न करना।
2019 की भर्ती घोटाले जैसी प्रक्रिया दोबारा न दोहराना।
1000 स्थानीय लोगों की तत्काल नियुक्ति।
ठेका व्यवस्था पर पूर्ण रोक और स्थानीय लोगों को ही काम देना।
किरीबुरू–मेघाहातुबुरु जनरल अस्पताल की व्यवस्था सुदृढ़ करना।
यूनियन के बैनर तले भारी संख्या में जुटे मजदूरों ने स्पष्ट कर दिया कि यह आंदोलन स्थानीय अधिकारों की सुरक्षा और हक की लड़ाई के लिए जारी रहेगा।









