Jamshedpur : भाकपा (माओवादी) द्वारा पुलिसिया दमन के विरोध में “प्रतिशोध सप्ताह” के तहत बुलाए गए झारखंड बंद का मनोहरपुर सहित आसपास के इलाकों में व्यापक असर देखने को मिला। बुधवार को पूरे दिन बाजारों में सन्नाटा छाया रहा, जबकि बैंक, पेट्रोल पंप, व्यापारिक प्रतिष्ठान और लंबी दूरी की यात्री एवं मालवाहक वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप रहा।
बंद के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा, विशेषकर उन यात्रियों को जो मनोहरपुर से चाईबासा, राउरकेला या जमशेदपुर की ओर जाने वाले वाहनों का इंतजार कर रहे थे। सड़कें सुनसान रहीं और परिवहन सेवाएं पूरी तरह ठप रहीं।
बंद के दौरान प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े इंतज़ाम किए। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई, जबकि केंद्रीय बलों और जिला पुलिस की संयुक्त टीमों ने संभावित नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में गश्त तेज कर दी।
इसी बीच नक्सलियों की सक्रियता की एक घटना सारंडा के छोटानागरा थाना क्षेत्र के कुदलीबाद गांव से सामने आई, जहां माओवादियों ने बीएसएनएल टावर के जेनसेट मशीन में आग लगा दी। इस घटना के बाद सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया।
हालांकि इस एक घटना को छोड़कर बंद कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रहा। प्रशासन ने कहा है कि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था लगातार सख्त की जा रही है।









