मानगो में पेयजल संकट पर सरयू राय ने साधा निशाना — ठेकेदार और अधिकारियों की लापरवाही बताई वजह

SHARE:

Jamshedpur : दीपावली जैसे पर्व के दिन मानगो इलाके में पेयजलापूर्ति बाधित होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। रविवार सुबह पानी न मिलने की सूचना पर जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय तत्काल मौके पर पहुंचे और मानगो पेयजल परियोजना के इंटकवेल, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तथा पृथ्वी पार्क स्थित पानी टंकी का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के बाद विधायक ने कहा कि, “मानगो में पेयजल संकट का मुख्य कारण परियोजना के ठेकेदार और पेयजल स्वच्छता विभाग के अधिकारियों की लापरवाही है।” उन्होंने साफ संकेत दिया कि दीपावली-छठ का अवकाश समाप्त होते ही संबंधित कार्यपालक अभियंता के खिलाफ विभाग को चार्जशीट सौंपेंगे और ठेकेदार को काली सूची (Blacklist) में डालने की अनुशंसा करेंगे।

सरयू राय ने बताया कि इंटकवेल के निरीक्षण में पाया गया कि बाढ़ के पानी से भरा बालू महीनों से साफ नहीं किया गया, जिससे जल प्रवाह बाधित था। उनके निर्देश पर मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त ने तुरंत सफाई कार्य शुरू करवाया, जिसके बाद जल प्रवाह सामान्य हुआ।

पृथ्वी पार्क की टंकी में पहुंचने पर कर्मचारियों ने विधायक को बताया कि ठेकेदार की ओर से सप्ताह में केवल 2-3 दिन ही पानी भेजा जाता है, जबकि नियमित आपूर्ति का दावा किया जाता है। जांच में यह भी सामने आया कि ठेकेदार के कर्मचारी कुछ खास इलाकों को प्राथमिकता देकर अधिक पानी दे रहे हैं, जिससे अन्य क्षेत्रों में भारी कमी हो रही है।

विधायक राय ने कहा कि यह पक्षपातपूर्ण आपूर्ति “ऊपर से आदेश” का हवाला देकर की जा रही है, जबकि विभागीय अभियंता ने ऐसे किसी आदेश से इंकार किया।

उन्होंने कहा कि मानगो की जनता पर्व-त्योहार में जिस कष्ट से गुजरती है, उसके लिए ठेकेदार और विभागीय अधिकारी समान रूप से जिम्मेदार हैं। राय ने मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त को निर्देश दिया है कि पूरे प्रकरण की जांच कर दोषियों पर त्वरित कार्रवाई की जाए।

Leave a Comment