सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधियों ने उठाए गंभीर सवाल मानगो नगर निगम विकास कार्य करवाने में अक्षम

SHARE:

Jamshedpur:जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय के मानगो नगर क्षेत्र के जनसुविधा प्रतिनिधि पप्पू सिंह, पिंटू सिंह और संतोष भगत ने मानगो नगर निगम पर विकास कार्यों को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। तीनों प्रतिनिधियों का कहना है कि मानगो नगर निगम अब विकास कार्य कराने में पूरी तरह अक्षम साबित हो रहा है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

यहां जारी एक साझा बयान में प्रतिनिधियों ने कहा कि मानगो में नगर विकास विभाग की योजनाएं कागजों से आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। 17 फरवरी 2025 को योजना चयन समिति की बैठक के बाद 25 अगस्त 2025 को जिन योजनाओं की निविदा निकाली गई थी, वे आज तक धरातल पर नजर नहीं आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उप नगर आयुक्त द्वारा किसी न किसी बहाने योजनाओं को रोका जा रहा है, जो एक सुनियोजित साजिश का संकेत देता है।

प्रतिनिधियों ने सवाल उठाया कि यदि चार माह पहले टेंडर निकाले गए थे, तो 120 दिनों के भीतर उनका निष्पादन क्यों नहीं हुआ। आखिर कौन इन योजनाओं को रोक रहा है? 25 अगस्त को निकाली गई निविदाओं की अवधि क्या थी और उनका निस्तारण अब तक क्यों नहीं किया गया—इन सभी बिंदुओं की जांच आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद योजना चयन समिति में स्वीकृत जितनी भी योजनाओं के टेंडर निकाले गए, उनमें से एक भी योजना आज तक जमीन पर नहीं उतरी। कई बार निविदाएं निकाली गईं, फिर रद्द कर दी गईं, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ। इससे मानगो की जनता में जबरदस्त आक्रोश है, बावजूद इसके नगर निगम के अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं।

प्रतिनिधियों ने यह भी आरोप लगाया कि उप नगर आयुक्त मानगो नगर निगम कार्यालय में नियमित रूप से नहीं बैठते। आम लोग और जनप्रतिनिधि उनसे मिलना चाहते हैं, लेकिन कार्यालय में उनकी अनुपस्थिति के कारण मुलाकात संभव नहीं हो पाती। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है, लेकिन अब तक विकास मद की एक भी राशि खर्च नहीं की गई है।

इन तमाम मुद्दों को लेकर प्रतिनिधिमंडल जल्द ही पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा और उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार की भूमिका की जांच की मांग करेगा।

योजनाओं की निविदा और निविदा राशि :

शहरी पथ परिवहन मद से 56 योजनाएं — ₹5,71,74,980

नागरिक सुविधा मद से 23 योजनाएं — ₹2,62,35,537

Leave a Comment