Jamshedpur:जमशेदपुर के मानगो इलाके में नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर है। इसी कड़ी में मानगो नगर निगम की मेयर प्रत्याशी जेबा खान ने शुक्रवार को भव्य रोड शो कर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। करीब 400 से अधिक वाहनों का काफिला और हजारों समर्थकों की मौजूदगी ने पूरे इलाके का माहौल चुनावी रंग में रंग दिया।
रोड शो की शुरुआत मानगो के प्रमुख मार्गों से हुई और विभिन्न चौक-चौराहों से गुजरते हुए आगे बढ़ी। जगह-जगह नागरिकों ने फूल-मालाओं, नारों और आतिशी स्वागत के साथ प्रत्याशी का अभिनंदन किया। कई स्थानों पर महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को और भी जीवंत बना दिया।
समर्थकों का कहना था कि यह भीड़ केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि मानगो के विकास के प्रति जनता की उम्मीदों का प्रतीक है। रोड शो के दौरान “विकास चाहिए, बदलाव चाहिए” जैसे नारों से वातावरण गूंजता रहा।
इस मौके पर जेबा खान ने जनता का आभार जताते हुए कहा, “मानगो की जनता ने जो स्नेह और समर्थन दिया है, वह मेरे लिए जिम्मेदारी और बढ़ाता है। हमारी प्राथमिकता स्वच्छ और पारदर्शी व्यवस्था, बेहतर सड़कें, निर्बाध बिजली-पानी आपूर्ति और सभी वार्डों में बुनियादी नागरिक सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण होगा।”
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस शक्ति प्रदर्शन ने मानगो नगर निगम चुनाव को और अधिक रोचक बना दिया है। आने वाले दिनों में अन्य प्रत्याशियों की रणनीतियां भी तेज होने की संभावना है, जिससे मुकाबला और दिलचस्प होगा।
फिलहाल, मानगो की सड़कों पर उमड़ा यह जनसैलाब साफ संकेत दे रहा है कि इस बार का चुनावी रण केवल वादों का नहीं, बल्कि जनविश्वास की कसौटी पर खरा उतरने का होगा।









