Jamshedpur : वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टेल्को थाना पुलिस ने विशेष गश्ती अभियान के तहत गांजा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 3 किलो 66 ग्राम गांजा, तीन स्मार्टफोन और एक स्कूटी बरामद की गई है। विशेष गश्ती दल 19-20 फरवरी की रात जब टेल्को थाना क्षेत्र के जैम्को बस स्टैंड के पास पहुंचा, तो पुलिस को देखकर स्कूटी सवार दो युवक तेजी से भागने लगे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे वाहन को और तेज भगाने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने तत्काल पीछा कर सालकाझोड़ी फाटक के पास दोनों को दबोच लिया।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान
पूछताछ में दोनों व्यक्तियों ने अपनी पहचान चंद्रशेखर कुमार (30 वर्ष) और अमित कुमार सिंह उर्फ बब्लू सिंह (43 वर्ष) के रूप में दी। चंद्रशेखर कुमार पिता मनोज चौधरी, निवासी बारीगोड़ा मार्केट, थाना परसुडीह, अमित कुमार सिंह उर्फ बब्लू सिंह पिता विनय सिंह, निवासी न्यू केबुल टाउन, सिक्योरिटी लाइन, क्वार्टर नंबर 12, थाना गोलमुरी जमशेदपुर का रहने वाला है। उनके पास से तीन बंडल में कुल 3 किलो 66 ग्राम गांजा, तीन स्मार्टफोन और एक TVS स्कूटी मिला है।

पुलिस अधिकारियों की सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में नगर पुलिस उपाधीक्षक सुनील चौधरी के नेतृत्व में टेल्को थाना प्रभारी प्रशांत कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक शशिकांत, देयकांत शर्मा, सहायक पुलिस अवर निरीक्षक मो. सलीम आलम समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।
कानूनी कार्रवाई और आगे की जांच
गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। बरामद गांजा को विधिवत पुलिस उपाधीक्षक (नगर) जमशेदपुर की मौजूदगी में जब्त कर लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और उनके नेटवर्क के बारे में गहन जांच की जा रही है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। पुलिस लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और आने वाले दिनों में ऐसे अपराधियों पर और कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।