GanjaSeizure : लोहरदगा में नशे के सौदागरों पर बड़ी कार्रवाई, 46 किलो गांजा बरामद, 1 आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

Lohardaga News : जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लोहरदगा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में 46 किलो गांजा बरामद किया गया है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। बरामद मादक पदार्थ की बाजार में कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी जा रही है।

इस पूरे अभियान की शुरुआत एक गुप्त सूचना से हुई, जिसके आधार पर मुख्यालय डीएसपी समीर तिर्की की अगुवाई में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। इस दल ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापा मारा।

पहली छापेमारी बगड़ू थाना क्षेत्र के अंतर्गत आरेया गांव निवासी संदीप साहू के घर पर की गई, जहाँ से 43 किलो गांजा बरामद हुआ। मौके पर से आरोपी संदीप साहू को गिरफ्तार भी किया गया।

दूसरी कार्रवाई सदर थाना क्षेत्र में की गई, जहाँ राजा साहू के घर से 3 किलो गांजा बरामद किया गया। हालांकि इस मामले में अभी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

एसपी सादिक अनवर रिजवी ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि जिले में गांजा की अवैध बिक्री को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए सघन अभियान की योजना बनाई गई, जिसके पहले चरण में यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि NDPS एक्ट के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आने वाले दिनों में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान और तेज़ किया जाएगा।

Leave a Comment