आदरडीह में भूमि अधिग्रहण को लेकर भड़का जनाक्रोश, कंपनी के खिलाफ गरजे ग्रामीण

SHARE:

Jamshedpur : नीमडीह प्रखंड के आदरडीह गांव में एसएम स्टील लिमिटेड कंपनी द्वारा बिना ग्रामीणों की सहमति के भूमि अधिग्रहण किए जाने के विरोध में लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। इस मुद्दे पर गुरुवार को आदरडीह बचाओ संघर्ष समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया और कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कंपनी ने अधिग्रहण प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव रखा। प्रभावित किसानों को न तो अधिग्रहण की जानकारी दी गई और न ही उचित मुआवजा प्रदान किया गया। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि वे अपनी पुश्तैनी जमीन किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ेंगे, क्योंकि यही उनकी आजीविका का आधार है।

संघर्ष समिति के सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि कंपनी और प्रशासन ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया नहीं रोकी, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर अधिग्रहण की प्रक्रिया को रोकने की मांग की।

समिति ने बताया कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे को लेकर जिला मुख्यालय तक मार्च निकाला जाएगा, ताकि प्रशासन और सरकार का ध्यान ग्रामीणों की समस्याओं की ओर आकर्षित किया जा सके।

Leave a Comment