होमगार्ड बहाली दौड़ में कुचाई प्रखंड के अभ्यर्थियों का उत्साह, हाई-टेक निगरानी में परीक्षा

SHARE:

Adityapur : झारखंड गृह रक्षा वाहिनी द्वारा सरायकेला-खरसावां जिले में 446 रिक्त पदों पर चल रही बहाली प्रक्रिया के तहत बुधवार को दूसरे दिन कुचाई प्रखंड के अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक शारीरिक दक्षता परीक्षा में भाग लिया। Birsa Munda Stadium में आयोजित इस परीक्षा के दौरान सुबह से ही अभ्यर्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली।

कड़ी सुरक्षा और पारदर्शिता के बीच एक मील की दौड़ कराई गई। पूरी प्रक्रिया को हाई-टेक बनाया गया है, जिसमें चिप आधारित तकनीक और वीडियो रिकॉर्डिंग के जरिए दौड़ की निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।

इससे पहले 17 मार्च को कुकड़ू प्रखंड के अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें 199 अभ्यर्थी सफल रहे थे।

शारीरिक व लिखित परीक्षा

दौड़ में सफल अभ्यर्थियों को उसी दिन लंबी कूद, ऊंची कूद और शॉट पुट जैसी अन्य शारीरिक स्पर्धाओं में शामिल किया गया। इसके बाद सफल उम्मीदवारों के लिए हिंदी लेखन क्षमता की लिखित परीक्षा भी आयोजित की गई। ग्रामीण क्षेत्र के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता सातवीं पास, जबकि शहरी क्षेत्र के लिए दसवीं पास निर्धारित की गई है।

सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था

अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम परिसर में पेयजल, शौचालय और मेडिकल टीम की समुचित व्यवस्था की गई थी। वहीं सुरक्षा के दृष्टिकोण से पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात रहे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरी चयन प्रक्रिया केवल मेरिट के आधार पर हो रही है, इसलिए अभ्यर्थियों को किसी भी बिचौलिए के झांसे में न आने की सलाह दी गई है।

Leave a Comment