तीन पीढ़ियों ने मिलकर रोपे 500 पौधे, केएसएमएस के मियावाकी प्लांटेशन ड्राइव में दिखी पर्यावरण संरक्षण की मिसाल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : गोलमुरी स्थित केरला समाजम मॉडल स्कूल (KSMS) के एनवायरनमेंट क्लब की ओर से बुधवार को सोनारी वेस्ट लेआउट के 35I, एफ रोड में अनूठे मियावाकी प्लांटेशन ड्राइव का आयोजन किया गया। ‘थ्री जेनरेशन प्लांटेशन’ की थीम पर आयोजित इस अभियान में विद्यार्थियों के साथ उनके माता-पिता, दादा-दादी और स्थानीय समुदाय के लोगों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में टाटा स्टील यूआईएसएल के एमडी अतुल भटनागर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने तीन पीढ़ियों को एक साथ जोड़कर पौधरोपण की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी केवल किसी एक पीढ़ी की नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयास से ही प्रकृति के प्रति स्थायी जिम्मेदारी की भावना विकसित की जा सकती है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और अतिथियों ने पेड़ों को इको-फ्रेंडली राखियां बांधीं। राखी के माध्यम से पेड़ों और इंसानों के बीच भावनात्मक जुड़ाव तथा प्रकृति की रक्षा का संदेश दिया गया। इस पहल को पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में सार्थक कदम बताया गया।

अभियान के तहत कुल 500 पौधे लगाए गए। खास बात यह रही कि आयोजन को केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रखा गया है। सभी 500 पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि पौधे जीवित रहें और आने वाले वर्षों में हरित क्षेत्र विकसित हो सके।

इस अवसर पर केरला समाजम के चेयरमैन सुकुमारन, अध्यक्ष के. मुरलीधरन, स्कूल की प्राचार्या रीना बनर्जी, रजिस्ट्रार वृंदा सुरेश तथा एनवायरनमेंट क्लब की मॉडरेटर शीला सुधाकरन और दीप्ति चक्रवर्ती मौजूद रहीं। कार्यक्रम में केएसएचएस के विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक, बुजुर्ग और समुदाय के सदस्य शामिल हुए।

आयोजकों के अनुसार, तीन पीढ़ियों की एक साथ भागीदारी ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। अभियान ने यह भी रेखांकित किया कि यदि तीन पीढ़ियां मिलकर प्रकृति के लिए काम करें तो वे केवल पौधे नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्थायी हरित विरासत तैयार कर सकती हैं।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.