Jamshedpur : झारखंड क्षत्रिय संघ द्वारा आगामी 15 जून को बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में एक भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान संघ के महासचिव अनूप सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि इस समारोह की परंपरा संघ द्वारा पिछले 10 वर्षों से अनवरत रूप से निभाई जा रही है।

इस वर्ष समारोह में सीबीएसई, आईसीएसई और झारखंड बोर्ड की 10वीं एवं 12वीं कक्षा में 85% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले सैकड़ों मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिन्ह एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त NEET, JEE, CLAT, NDA, CA जैसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। इस क्रम में अब तक 236 से अधिक रैंक होल्डर्स को समारोह में आमंत्रित किया गया है।

कार्यक्रम की विशेषता यह है कि इस बार आयोजन की थीम “छात्रों द्वारा, छात्रों के लिए और पूरी तरह से छात्रों की प्रतिष्ठा के लिए” रखी गई है, जो इसे और भी प्रेरणादायक बनाता है।

समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी शामिल होंगे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. बीएन सिंह, अनुज तिवारी, राजीव कुमार सिंह, प्रमोद सिंह, प्रवीण सिंह, निरंजन सिंह, प्रशांत सिंह एवं महिला संघ की अध्यक्ष प्रेमला प्रसाद मौजूद रहेंगी।
संघ का यह आयोजन केवल छात्रों के लिए सम्मान मंच नहीं है, बल्कि यह शिक्षा को सामाजिक गौरव से जोड़ने की एक सार्थक पहल भी है। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, अभिभावक, सामाजिक कार्यकर्ता और अन्य गणमान्य नागरिकों की भी उपस्थिति रहेगी।









