कोल्हान विश्वविद्यालय में व्यावसायिक शिक्षा को नई दिशा: व्यावसायिक प्रकोष्ठ सुदृढ़ करने का संकल्प

SHARE:

Chaibasa: कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा में व्यावसायिक शिक्षा को अधिक प्रभावी, सुदृढ़ एवं रोजगारोन्मुख बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। शुक्रवार, 6 फरवरी 2026 को विश्वविद्यालय सभागार में व्यावसायिक प्रकोष्ठ की अहम बैठक माननीय कुलपति महोदया डॉ. अंजिला गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें कई दूरगामी निर्णय लिए गए।

बैठक के दौरान व्यावसायिक प्रकोष्ठ के अंतर्गत संचालित पाठ्यक्रमों, बजट, मानव संसाधन एवं रोजगारपरक शिक्षा को लेकर गंभीर और सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ। सत्र 2025–26 के लिए विभिन्न महाविद्यालयों से प्राप्त प्रस्तावित बजट को सर्वसम्मति से अनुमोदन प्रदान किया गया। वहीं, सत्र 2026–27 के लिए महाविद्यालयों से बजट प्रस्ताव 15 मार्च 2026 तक आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया।

माननीय कुलपति डॉ. अंजिला गुप्ता ने व्यावसायिक प्रकोष्ठ के अंतर्गत कार्यरत शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों के मानदेय में वृद्धि की दिशा में भी ठोस कदम उठाते हुए एक समिति का गठन किया। इस समिति को 15 दिनों के भीतर समीक्षा कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है, जिससे लंबे समय से लंबित इस मुद्दे का समाधान हो सके।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि व्यावसायिक प्रकोष्ठ के अंतर्गत नए रोजगारपरक सर्टिफिकेट कोर्स प्रारंभ किए जाएंगे। इसके लिए संबंधित स्नातकोत्तर विभागाध्यक्षों से प्रस्ताव आमंत्रित किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों को कौशल आधारित शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकें।
इसके अलावा व्यावसायिक प्रकोष्ठ के अंतर्गत शिक्षकेत्तर कर्मियों की रिक्तियों को रोस्टर नियमों के अनुरूप भरने पर भी विचार किया गया।

महाविद्यालयों से प्राप्त विभिन्न पाठ्यक्रम संचालन प्रस्तावों की समीक्षा के लिए एक समिति गठित की गई, जो संबंधित महाविद्यालयों की आधारभूत संरचना एवं उपयुक्तता की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। समिति की रिपोर्ट के आधार पर ही नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत की जाएगी।

बैठक में विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू डॉ. संजय यादव, प्रॉक्टर डॉ. राजेंद्र भारती, वित्त पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक श्रीमती रिंकी दोराइ एवं सीसीडीसी डॉ. अरविंद कुमार सिंह की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का स्वागत भाषण सीवीसी डॉ. प्रभात कुमार सिंह ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव डॉ. रंजीत कुमार कर्ण द्वारा प्रस्तुत किया गया।

इस बैठक को कोल्हान विश्वविद्यालय में व्यावसायिक शिक्षा को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में छात्रों को रोजगार से जुड़ी शिक्षा के अधिक अवसर प्राप्त हो सकेंगे।

Leave a Comment