किरीबुरू खदान में ट्रांसफार्मर में लगी आग, ठेका श्रमिक गंभीर रूप से झुलसा

SHARE:

Guwa:पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू खदान क्षेत्र में बुधवार को एक गंभीर औद्योगिक हादसा हो गया। खदान स्थित सर्विस सेंटर में ट्रांसफार्मर में तेल भरने के दौरान अचानक आग भड़क उठी, जिसकी चपेट में आकर एक ठेका श्रमिक बुरी तरह झुलस गया। घटना के बाद पूरे खदान क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और श्रमिकों के बीच सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर चिंता गहराने लगी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ठेका श्रमिक बिरसा ट्रांसफार्मर में तेल डालने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक स्पार्किंग हुई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। बताया जाता है कि स्पार्क की चिंगारी उसके कपड़ों में लग गई, जिससे आग तेजी से फैल गई। मौके पर मौजूद सहकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसे बिरसा को तत्काल किरीबुरू जनरल अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई थी, जिसे देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए राउरकेला स्थित आईजीएच राउरकेला रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही खदान प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह स्पार्किंग बताई जा रही है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा।

घटना के बाद खदान में कार्यरत अन्य श्रमिकों ने सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि ट्रांसफार्मर जैसे संवेदनशील उपकरणों के साथ काम करते समय पर्याप्त सुरक्षा उपकरण और एहतियाती उपाय अनिवार्य होने चाहिए। श्रमिक संगठनों ने भी हादसे की निष्पक्ष जांच और घायल श्रमिक के समुचित इलाज व मुआवजे की मांग की है।

फिलहाल प्रबंधन की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है, जबकि पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा और आक्रोश का माहौल है।

Leave a Comment

और पढ़ें