Chaibasa : किरीबुरू स्थित सेवा स्तंभ परिसर में संचालित डॉ. अंबेडकर नर्सरी स्कूल का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया, जिसमें नन्हें छात्रों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। आर्थिक रूप से कमजोर और निर्धन परिवारों से आने वाले बच्चों ने सीमित संसाधनों के बावजूद उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
विद्यालय का संचालन क्षेत्र की मुखिया पार्वती कीड़ों के नेतृत्व में किया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में शिक्षिकाओं की टीम जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रही है। यह विद्यालय उन बच्चों के लिए आशा की किरण बनकर उभरा है, जो आर्थिक अभाव के कारण शिक्षा से वंचित रह जाते हैं।
परीक्षा परिणाम में एलकेजी वर्ग में एलिना करुआ ने प्रथम, तनीष पान ने द्वितीय और अनन्या कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं यूकेजी वर्ग में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जहां तुलसी करुआ, प्रियांशी करुआ और आकाश प्रसाद ने समान अंक लाकर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। विश्वजीत पिंगुआ द्वितीय और संदीप मुंडा तृतीय स्थान पर रहे।
इस अवसर पर सेवा स्तंभ के पदाधिकारी संजय तिग्गा, सोनाराम गोप और प्रभुधान बारला ने मेधावी छात्रों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उनमें आगे बढ़ने का नया उत्साह देखने को मिला।
यह परिणाम न केवल बच्चों की मेहनत का प्रमाण है, बल्कि शिक्षकों के समर्पण और समाज के सहयोग का भी प्रतीक है।









