कपाली गोलीकांड में फरार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

SHARE:

Seraikela:सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली क्षेत्र में हुए चर्चित गोलीकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कपाली पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में मोहम्मद जैद खान उर्फ प्रिंस बच्चा को जान से मारने की नीयत से गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। यह घटना बीते 6 सितंबर की रात कपाली के वार्ड संख्या 21 स्थित हैदर फैक्ट्री के पास हुई थी।

घटना के बाद कपाली ओपी में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पहले ही 10 सितंबर 2025 को इस कांड में शामिल दो अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, साथ ही घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया था।

इसी कड़ी में फरार चल रहे आरोपी राशिद उर्फ मोहम्मद राशिद को पुलिस ने 2 अप्रैल 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कपाली के डेमडुबी अंसार नगर का निवासी बताया जा रहा है।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई बाइक को भी बरामद कर जब्त कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

कपाली पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें